लखीसराय में डिजिटल क्रॉप सर्वे शारदीय 2026 को लेकर जिलास्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

  • Post By Admin on Aug 08 2026
लखीसराय में डिजिटल क्रॉप सर्वे शारदीय 2026 को लेकर जिलास्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

लखीसराय: संयुक्त कृषि भवन, लखीसराय के सभागार में शुक्रवार को डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) शारदीय 2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सर्वेयर और सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी ने की।

प्रशिक्षण में सहायक निदेशक (शस्य) बीज विश्लेषण-सह-जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक (कृषि अभियंत्रण)-सह-सहायक नोडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर-DCS, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित संबंधित कृषि कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला DCS नोडल और सहायक नोडल पदाधिकारी ने प्रतिभागियों को डिजिटल क्रॉप सर्वे की वर्तमान कार्यप्रणाली, उसमें किए गए संशोधनों और नए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में फसल सर्वेक्षण की प्रक्रिया, मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन, आंकड़ों की प्रविष्टि एवं सत्यापन तथा सर्वेक्षण से जुड़े दिशा-निर्देशों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।अधिकारियों ने बताया कि संशोधित प्रक्रिया के तहत कार्य करते समय कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक होगा। साथ ही आंकड़ों की शुद्धता, विश्वसनीयता और समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक जानकारी भी साझा की गई।

प्रशिक्षण के दौरान सर्वेयर और सुपरवाइजरों ने मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन, सर्वेक्षण प्रक्रिया और डाटा प्रविष्टि से जुड़े विभिन्न तकनीकी प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।कार्यक्रम के अंत में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कृषि कर्मियों को निर्देश दिया गया कि DCS-शारदीय 2026 के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, शुद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए तथा संशोधित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।