सीपीआई की पदयात्रा जारी, शिक्षा, किसान और मजदूर मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा

  • Post By Admin on Aug 08 2026
सीपीआई की पदयात्रा जारी, शिक्षा, किसान और मजदूर मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा

लखीसराय: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 6 से 15 अगस्त तक आयोजित पदयात्रा शुक्रवार को भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रही। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था, किसानों के मुद्दे, मजदूर अधिकारों और भ्रष्टाचार के सवालों को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज किया।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर चौक-चौराहों पर नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। वहीं मोहल्लों और गलियों में लोगों के बीच पहुंचकर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी नेताओं के अनुसार कई गांवों में ग्रामीणों ने पदयात्रियों का स्वागत भी किया। सीपीआई नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है और आंदोलनों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों को प्रवेश देने, मजदूरों के अधिकारों पर हमले तथा विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ने जैसे मुद्दों को भी पदयात्रा के माध्यम से उठाया जा रहा है।

जत्था प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पदयात्रा का समापन 14 अगस्त को जिला मुख्यालय लखीसराय में होगा। उस दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे सभी जत्थे विद्यापीठ चौक पर एकत्र होंगे। वहां से सुबह 10 बजे मार्च शुरू होकर शहीद द्वार तक जाएगा। मध्यांतर के बाद पुनः मार्च निकाला जाएगा, जिसका समापन शाम 5 बजे जमुई मोड़ पर सभा के साथ होगा। पार्टी कार्यकर्ता लोगों से 1 सितंबर को आयोजित दिल्ली रैली में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील भी कर रहे हैं। इस पदयात्रा का नेतृत्व अंचल मंत्री ओम प्रकाश मंडल कर रहे हैं। जत्थे में किसान नेता अरुण कुमार सिंह, प्रमोद यादव, सुधीर बरैई, गंगा रजक सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।