साइंस सिटी पहुंचे सीएम नीतीश, कहा—छात्रों की विज्ञान में बढ़ेगी रुचि
- Post By Admin on Dec 30 2025
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राजधानी पटना के राजेंद्र नगर स्थित नव-निर्मित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निरीक्षण किया। 21 एकड़ में फैले इस आधुनिक विज्ञान केंद्र के विभिन्न हिस्सों, गैलरियों और वैज्ञानिक प्रदर्शनों का उन्होंने बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने साइंस सिटी में मौजूद बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी को विशिष्ट और नवीन अवधारणाओं के साथ विकसित किया गया है। यह विज्ञान और नवाचार का एक आधुनिक केंद्र है, जो हर आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। विज्ञान और प्रौद्योगिकी को समझने के लिहाज से यह देश के प्रमुख और अनूठे केंद्रों में शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साइंस सिटी का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और छात्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता और रुचि को बढ़ावा देना है। यहां छात्र-छात्राएं विज्ञान की मूल अवधारणाओं, गतिविधियों और सिद्धांतों को सरल और रोचक तरीके से समझ सकेंगे, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित होगी।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिसर में विज्ञान आधारित पांच गैलरियां, 269 इंटरएक्टिव विज्ञान प्रदर्शन, ऑडिटोरियम, 4डी थियेटर और छात्रों व शिक्षकों के लिए डोरमेट्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो इसे एक संपूर्ण शैक्षणिक और मनोरंजन केंद्र बनाती हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निर्माण बिहार सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से किया गया है। राजेंद्र नगर, पटना में स्थित यह साइंस सिटी बिहार में वैज्ञानिक विकास के इतिहास को प्रदर्शित और संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।