सोनपुर : सोनपुर मेला के अवसर पर सोमवार को बिहार पुलिस द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन बिहार के डीजीपी आलोक राज ने किया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य पुलिस विभाग की विभिन्न गतिविधियों और तकनीकी उन्नति को जनता के बीच प्रदर्शित करना है। डीजीपी आलोक राज ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि बिहार पुलिस द्वारा जनता के सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों को इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम लोगों तक पहुँचाने का यह एक बेहतरीन अवसर है। प्रदर्शनी में पुलिस विभाग की आधुनिक तकनीकों, उपकरणों और विभिन्न पुलिस अभियानों की जानकारी दी जा रही है।

सोनपुर मेला में प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिनमें स्थानीय लोग और पर्यटक शामिल थे। प्रदर्शनी में विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षा उपायों, साइबर क्राइम और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई है। डीजीपी ने यह भी बताया कि बिहार पुलिस अपनी कार्यप्रणाली में लगातार सुधार कर रही है और यह प्रदर्शनी एक महत्वपूर्ण कदम है जो लोगों को पुलिस के कार्यों और उनके योगदान के बारे में जागरूक करेगा। प्रदर्शनी का आयोजन बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा किया गया है और इसे दर्शकों के लिए आगामी दिनों तक खोला जाएगा।