सारण में सजेगा तीन दिवसीय दशरथ मांझी नाट्य महोत्सव, देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुति
- Post By Admin on May 27 2026
सारण: जिले के मशरख प्रखंड अंतर्गत ग्राम सेरुकहाँ में 28 से 30 मई 2026 तक तीन दिवसीय “दशरथ मांझी नाट्य महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक संस्था लोक पंच द्वारा आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन संध्या 7 बजे से रंगमंच, लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव को लेकर मंगलवार को लोक पंच कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें संस्था के पदाधिकारियों एवं कलाकारों ने आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता में संस्था के अध्यक्ष राम कुमार सिंह, सचिव मनीष महिवाल, उपाध्यक्ष कुमार रोहित, संस्थापक सदस्य संजय कुमार सिंह सहित कलाकार रजनीश पांडे, दीपा दीक्षित, अभिषेक राज, राम प्रवेश, अरबिंद कुमार, सोनल कुमारी और सहर्ष मौजूद रहे। अध्यक्ष राम कुमार सिंह ने बताया कि महोत्सव में मंच नाटकों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। उन्होंने कला प्रेमियों, ग्रामीण दर्शकों और मीडिया प्रतिनिधियों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की। उपाध्यक्ष कुमार रोहित ने बताया कि लोक पंच बिहार की एक सक्रिय सांस्कृतिक संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 2011 में हुई थी तथा 2017 में इसका विधिवत निबंधन कराया गया। संस्था द्वारा वर्षों से नुक्कड़ नाटक, मंच नाटक, नाट्य कार्यशाला, सेमिनार और सांस्कृतिक गोष्ठियों का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था ने “जागो रे किसान”, “कोरोना से बचाओ”, “जनता कर्फ्यू”, “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ”, “बेरोजगार”, “दारू वाले भाई” समेत कई चर्चित नाटकों का मंचन बिहार के विभिन्न जिलों में किया है। कृषि संकट पर आधारित नाटक “क़ातिल खेत” के अब तक 250 से अधिक मंचन हो चुके हैं।
लोक पंच के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ फिल्म निर्देशक संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2017 से दशरथ मांझी नाट्य महोत्सव की शुरुआत की गई थी और तब से हर वर्ष इसका आयोजन लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से गांवों तक रंगमंच और सामाजिक चेतना को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत समय-समय पर गरीबों के बीच कंबल, कपड़े और खाद्य सामग्री का वितरण भी किया जाता रहा है। कोविड-19 महामारी के दौरान संस्था ने राहत सामग्री, मास्क, सैनिटाइजर और राशन का वितरण कर जरूरतमंदों की मदद की थी। साथ ही वैक्सीनेशन कैंप लगवाकर लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया था।
महोत्सव के तहत 28 मई को “मुनिया का ब्याह” नाटक का मंचन सर्किल थिएटर इन एजुकेशन फोरम, बिहार शरीफ द्वारा किया जाएगा, जिसके लेखक एवं निर्देशक अविजित चक्रवर्ती हैं। 29 मई को मथुरा की रासलीला मंडल द्वारा “रासलीला” की प्रस्तुति होगी, जिसका निर्देशन पंडित संतोष पचौरी करेंगे। इसी दिन रंग रूप वैशाली एवं लोक पंच, पटना द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं 30 मई को भोजपुर की भिखारी ठाकुर नाट्य संस्था द्वारा निर्देशक मनोज सिंह के निर्देशन में “गंगा स्नान” नाटक का मंचन किया जाएगा। लोक पंच के सचिव मनीष महिवाल ने प्रेस वार्ता में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों एवं कलाकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से महोत्सव में शामिल होने की अपील की।