विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण भारती का हरित अभियान, पांच लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य

  • Post By Admin on Jun 05 2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण भारती का हरित अभियान, पांच लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य

सारण : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था "पर्यावरण भारती" द्वारा डी.एन. पब्लिक स्कूल, सोनपुर परिसर में फलदार वृक्ष अमरूद का पौधा लगाकर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक तथा अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वर्ष 2008 में पटना के राजेंद्र नगर में पर्यावरण भारती की स्थापना की गई थी। उन्होंने बताया कि संस्था की प्रेरणा माननीय स्वांत रंजन जी से मिली थी और शुरुआत में केवल 11 पर्यावरण प्रहरी इस अभियान से जुड़े थे, जबकि वर्तमान में 2,353 पर्यावरण प्रहरी बिहार के विभिन्न जिलों में पौधारोपण अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए 33 प्रतिशत वन क्षेत्र आवश्यक माना जाता है, लेकिन बढ़ती जनसंख्या और अंधाधुंध कटाई के कारण जंगलों का क्षेत्रफल घटकर लगभग 15 प्रतिशत रह गया है। इसके कारण प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी, ग्लोबल वार्मिंग, बाढ़, भूकंप, चक्रवात, बादल फटना और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ा है। राम बिलास शाण्डिल्य ने लोगों से अपने घरों के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरणीय संकट से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय वृक्षारोपण ही है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण भारती द्वारा अब तक 1,23,853 पौधे लगाए जा चुके हैं, हालांकि इनमें से लगभग 20 प्रतिशत पौधे विभिन्न कारणों से नष्ट हो गए। संस्था ने भविष्य में पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

पर्यावरणविद् डॉ. अवधेश कुमार ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 5 जून 1974 को पहली बार विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था। इसका उद्देश्य दुनिया भर के लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है। पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. अवधेश कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, अयांश कुमार, प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, अखिलेश कुमार, अरुण कुमार, भरत कुमार, सौरभ कुमार, सुजय कुमार तथा डॉ. अविनाश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।