गंडक नहर का बांध ध्वस्त, कई गांवों में आवागमन ठप
- Post By Admin on Jul 01 2026
सारण : जिले के तरैया प्रखंड के मंझोपुर में बुधवार की सुबह गंडक नहर का बांध टूटने से आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। बांध ध्वस्त होने के बाद नहर का पानी तेजी से फैल गया, जिससे सैकड़ों एकड़ क्षेत्र जलमग्न हो गया और कई गांवों का सड़क संपर्क बाधित हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, तरैया-अमनौर स्टेट हाईवे-104 के किनारे स्थित मंझोपुर में गंडक नहर का बांध अचानक टूट गया। इसके बाद नहर का पानी आसपास के खेतों और खाली क्षेत्रों में फैलने लगा। परौना, भटगाई, मोलनापुर, टीकमपुर और संग्रामपुर समेत कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया। मंझोपुर स्थित नहर पुल इन गांवों के लिए प्रमुख मार्ग है, जिसके बाधित होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
हालांकि अभी तक बड़े पैमाने पर फसल क्षति की सूचना नहीं है, लेकिन कई किसानों के धान के बिचड़े पानी में डूब गए हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर बांध टूटा, वहां पानी निकासी के लिए लगाए गए ह्यूम पाइप के आसपास लंबे समय से रिसाव हो रहा था। लगातार रिसाव के कारण बांध अंदर से कमजोर हो गया और आखिरकार बुधवार सुबह उसका एक हिस्सा ध्वस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भटगाई पंचायत के मुखिया ओम प्रकाश कुमार, बीडीसी प्रतिनिधि वीरेन्द्र राम, पूर्व बीडीसी नागेन्द्र प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुखिया ने गंडक विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों के सहयोग से टूटे स्थान से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित नहर के किवाड़ को बंद कराया गया, जिससे पानी का दबाव कम हुआ और हालात पर आंशिक नियंत्रण पाया जा सका। घटना के बाद ग्रामीण गंडक विभाग की तकनीकी टीम के पहुंचने का इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों ने बांध की शीघ्र मरम्मत, सड़क संपर्क बहाल करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है। प्रशासन द्वारा जल्द ही स्थल निरीक्षण के बाद मरम्मत कार्य शुरू किए जाने की संभावना है।