पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत के बाद सरकार गठन की गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित जदयू विधायक दल की अहम बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया, जिससे उनके एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।

इधर भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक जारी है, जिसमें दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद शाम को एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक निर्धारित है, जहां नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुने जाने की औपचारिक घोषणा होने की संभावना है।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सभी की सहमति बनी है। शाम को राज्यपाल से मिलकर नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

उधर, 20 नवंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत इंतजाम किए जा रहे हैं। मंगलवार शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं गांधी मैदान पहुंचे और मंच, अतिथि व्यवस्था व सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने कुल 202 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि जदयू ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति (आर) ने 29 में से 19 सीटें जीतकर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को क्रमशः पांच और चार सीटें मिली हैं।

नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर राजधानी पटना में उत्साह का माहौल है।