नई सरकार बनने से पहले बड़ी हलचल, एनडीए बैठक में नीतीश के नेतृत्व पर लगेगी मुहर
- Post By Admin on Nov 19 2025
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को पटना में भाजपा और जदयू की अहम बैठकों का दौर चलेगा। इन बैठकों के बाद होने वाली एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से गठबंधन का नेता चुना जाएगा।
जदयू विधायकों की बैठक सुबह 11 बजे मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर बुलाई गई है, जबकि भाजपा विधायकों की बैठक पार्टी के पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय में होगी। दोनों दलों की अलग-अलग चर्चा के बाद विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे। 20 नवंबर को वे 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जो बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक अध्याय जोड़ देगा। शपथ ग्रहण समारोह बेहद भव्य होने वाला है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के शीर्ष नेता शामिल होंगे।
मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ सम्राट चौधरी, नितिन नवीन और कई वरिष्ठ एनडीए नेता मौजूद थे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित थे।
एनडीए नेताओं को उम्मीद है कि शपथ ग्रहण समारोह में करीब तीन लाख लोग शामिल होंगे। विपक्ष के नेताओं को भी आमंत्रण भेजे जाने की संभावना है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि शपथ ग्रहण एक सरकारी कार्यक्रम होता है, इसलिए विपक्ष को भी बुलाया जाएगा।
243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 202 सीटों पर जीत हासिल की है। इनमें भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि जदयू ने 85 सीटें जीतीं। लोजपा (रामविलास) को 19, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को चार सीटें मिलीं।