रेखा गुप्ता बनेंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, भाजपा ने युवा और साफ छवि को दी प्राथमिकता
- Post By Admin on Feb 19 2025
.jpg)
नई दिल्ली: तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने युवा, साफ छवि और संगठन में मजबूत पकड़ को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी हमेशा समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाने की रणनीति अपनाती रही है और इस बार भी वही देखने को मिला।
भाजपा ने पिछले कुछ राज्यों में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री बदले थे। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और ओडिशा में भी नए चेहरों को मौका मिला। दिल्ली में भी पार्टी ने इसी फॉर्मूले पर चलते हुए कम उम्र के नेतृत्व को तवज्जो दी है।
BJP की नीति रही है कि उसके मुख्यमंत्री पद पर बैठने वाले नेताओं पर कोई भ्रष्टाचार का दाग न हो। इस फैसले के जरिए भाजपा ने देशभर में यह संदेश दिया है कि पार्टी ईमानदार और कर्मठ नेताओं को आगे बढ़ा रही है।
भाजपा का एक महत्वपूर्ण मानक यह भी रहा है कि मुख्यमंत्री वही बने, जिसकी पार्टी संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में मजबूत पकड़ हो। रेखा गुप्ता लंबे समय से संगठन में सक्रिय रही हैं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ी रही हैं।
भाजपा के कई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस जैसे लोकप्रिय चेहरों में गिने जाते हैं। दिल्ली में कोई बड़ा चेहरा न होने के बावजूद रेखा गुप्ता की साफ छवि और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पकड़ के कारण उन्हें यह मौका मिला।
रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक हैं और हरियाणा के जींद में जन्मी हैं। उन्होंने दिल्ली से एलएलबी की पढ़ाई की और ABVP से जुड़कर राजनीति में सक्रिय हुईं। इसके अलावा, उनकी वैश्य समुदाय से आने की पृष्ठभूमि भी एक महत्वपूर्ण कारण मानी जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इसी समुदाय से आते हैं, जो भाजपा का एक महत्वपूर्ण वोट बैंक रहा है।
भाजपा के इस फैसले से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश देखा जा रहा है, वहीं विपक्षी दलों के लिए यह एक नई चुनौती बन सकता है।