ओमप्रकाश मंडल बने भाकपा के अंचल मंत्री, बाढ़ राहत घोटाले पर सरकार पर साधा निशाना

  • Post By Admin on Aug 28 2025
ओमप्रकाश मंडल बने भाकपा के अंचल मंत्री, बाढ़ राहत घोटाले पर सरकार पर साधा निशाना

लखीसराय : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का लखीसराय अंचल सम्मेलन गुरुवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर सर्वसम्मति से कॉमरेड ओमप्रकाश मंडल को दूसरी बार अंचल मंत्री चुना गया।

सम्मेलन का उद्घाटन भाकपा के राज्य नेता जितेंद्र कुमार ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र की एनडीए सरकार और बिहार की राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार छल-कपट और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग से बनाई गई है, जिसे जनता कब का नकार चुकी है। उनका आरोप था कि इस सरकार में बड़े उद्योगपतियों को छोड़कर छात्र, नौजवान, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी—सभी वर्ग परेशान हैं और देश तेजी से आर्थिक गुलामी की ओर बढ़ रहा है।

जितेंद्र कुमार ने राज्य सरकार को “मानसिक रूप से बीमार” और प्रशासनिक दृष्टि से “अक्षम” बताते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार केवल भ्रष्टाचार, लूट-खसोट और लालच में डूबी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। साथ ही उन्होंने 1 सितंबर को पटना में गांधी मैदान से शुरू होने वाले ‘वोट अधिकार यात्रा मार्च’ में बड़ी संख्या में भाकपा और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

सम्मेलन में बाढ़ राहत घोटाले के खिलाफ भी प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि जिले में पीड़ितों को राहत देने के नाम पर धांधली की जा रही है और अपात्रों को सात हजार रुपये तक की राशि दी जा रही है। इस मुद्दे पर 5 सितंबर को प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष बाढ़ पीड़ितों का विशाल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।

सम्मेलन की अध्यक्षता तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली—कॉमरेड नंदकिशोर सिंह, कॉमरेड गुलाम रसूल और कॉमरेड योगेन्द्र शर्मा ने की। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के मंत्री, शाखा प्रतिनिधि, जिला नेता विश्वरंजन, अधिवक्ता रजनीश कुमार, अरुण कुमार, पूर्व अंचल मंत्री योगेन्द्र सिंह समेत सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।