बिहार में नई कैबिनेट का गठन, राज्यपाल ने दिलाई मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ
- Post By Admin on May 07 2026
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का गुरुवार को भव्य विस्तार किया गया। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल Syed Ata Hasnain ने नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही।
मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा और जेडीयू के कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया। विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, श्रवण कुमार, निशांत कुमार और लेसी सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह टाइगर और अशोक चौधरी भी कैबिनेट में शामिल हुए।
सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में मदन सहनी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, संतोष कुमार सुमन और रमा निषाद को भी मंत्री बनाया गया। वहीं रत्नेश सदा, कुमार शैलेंद्र, शीला कुमार, केदार प्रसाद गुप्ता और लखेंद्र कुमार रौशन ने भी मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। गांधी मैदान में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा महासचिव विनोद तावड़े तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
गौरतलब है कि पिछले महीने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद बिहार में पहली बार भाजपा नेतृत्व में सरकार बनी और सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं जेडीयू के बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया। बिहार एनडीए में भाजपा और जेडीयू के अलावा लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा भी शामिल हैं।