बिहार में आज 30 मंत्री ले सकते हैं शपथ, NDA ने तैयार की पूरी सूची
- Post By Admin on May 07 2026
पटना : बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का गुरुवार को बड़ा विस्तार होने जा रहा है। एनडीए सरकार में शामिल भाजपा, जेडीयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से संभावित मंत्रियों की सूची लगभग तय मानी जा रही है। इस बार के विस्तार में कई नए चेहरों के साथ कुछ पुराने नेताओं को भी मौका दिया जा रहा है।
सबसे ज्यादा चर्चा जेडीयू की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर है। माना जा रहा है कि निशांत कुमार पहली बार मंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं भाजपा की ओर से नीतीश मिश्रा और इंजीनियर शैलेंद्र को भी कैबिनेट में जगह मिलने जा रही है। भाजपा कोटे से विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, मिथलेश तिवारी, केदार गुप्ता, रमा निषाद, प्रमोद चंद्रवंशी, लखिंद्र पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेंद्र, रामचंद्र प्रसाद, नंदकिशोर राम, श्रेयसी सिंह और अरुण शंकर प्रसाद के नाम चर्चा में हैं। वहीं जेडीयू की ओर से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खान, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, बुलो मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, निशांत Kumar और श्वेता गुप्ता को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है। जेडीयू ने इस बार अपने कई पुराने और अनुभवी चेहरों पर भरोसा जताया है। लोजपा (रामविलास) की ओर से संजय पासवान और संजय सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष सुमन तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा से दीपक प्रकाश को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि बिहार मंत्रिमंडल में कुल 36 मंत्री शामिल किए जा सकते हैं। भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ पहले ही ले चुके हैं, जबकि जेडीयू के विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। अब मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के अलावा लगभग 30 मंत्री शपथ ले सकते हैं। पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। समारोह में एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।