सम्राट कैबिनेट में विभागों का बंटवारा, आज से मंत्री संभालेंगे अपना कार्यभार
- Post By Admin on May 08 2026
पटना : बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। गुरुवार को शपथ ग्रहण के बाद अब सभी मंत्री शुक्रवार से अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभालेंगे। इस बार मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं।
नई सरकार में सबसे ज्यादा चर्चा शिक्षा विभाग को लेकर रही। लंबे समय बाद जनता दल यूनाइटेड के हिस्से से शिक्षा विभाग बाहर हो गया है। भाजपा कोटे से पहली बार मंत्री बने मिथिलेश तिवारी को शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि संजय सिंह टाइगर को उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग सौंपा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। शपथ ग्रहण समारोह में निशांत कुमार की मौजूदगी सबसे अधिक चर्चा का विषय रही। पहले उनके उपमुख्यमंत्री बनने की अटकलें चल रही थीं, लेकिन अंततः उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को कृषि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दिलीप कुमार जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सौंपा गया है। ऊर्जा विभाग की कमान शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को मिली है। वहीं रामकृपाल यादव को सहकारिता विभाग का जिम्मा दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन और ऐसे विभाग अपने पास रखे हैं, जिनका आवंटन नहीं किया गया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग तथा बिजेंद्र प्रसाद यादव को वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग दिया गया है।
श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, नीतीश मिश्रा को नगर विकास एवं आवास के साथ सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, लेशी सिंह को भवन निर्माण विभाग तथा अशोक चौधरी को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा श्रेयसी सिंह को उद्योग एवं खेल विभाग, श्वेता गुप्ता को समाज कल्याण विभाग, कुमार शैलेंद्र को पथ निर्माण विभाग, केदार प्रसाद गुप्ता को पर्यटन विभाग और दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग सौंपा गया है।
नई सरकार में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के मंत्रियों को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 32 मंत्रियों ने शपथ ली थी। समारोह में एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।