शराबबंदी कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई, जिलेभर में चला अभियान
- Post By Admin on May 07 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबार और शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बड़ी मात्रा में चुलाई शराब भी बरामद की गई।
मद्य निषेध विभाग द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार कजरा थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव में दिलीप कुमार और राहुल कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों पर चुलाई शराब बेचने का आरोप है। मौके से करीब 60 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। बताया गया कि राहुल कुमार फरार हो गया। वहीं लखीसराय थाना क्षेत्र के जोकमेला इलाके में अनुप केवट को दो लीटर चुलाई शराब बेचने के आरोप में पकड़ा गया। इसके अलावा लखीसराय स्टेशन और कवैया थाना क्षेत्र में शराब सेवन के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।
बड़हिया थाना क्षेत्र में भी मद्य निषेध विभाग ने अभियान चलाकर कई लोगों को शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिया। गिरफ्तार लोगों में सन्नी कुमार, मन्टू रविदास, सूरज कुमार, आयुष कुमार, रामाशीष तांती, विजय कुमार और सुजीत कुमार शामिल हैं। मद्य निषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार और शराब सेवन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से शराबबंदी कानून का पालन करने और अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।