पश्चिम बंगाल को आज मिल सकता है नया मुख्यमंत्री, अमित शाह करेंगे बैठक की अगुवाई
- Post By Admin on May 08 2026
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी आज विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक करने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा की यह बैठक कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम चार बजे आयोजित होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के रूप में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ चर्चा करेंगे, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सह-पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने जानकारी दी कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार करीब दो दर्जन मंत्री भी शपथ लेंगे।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा और पार्टी महज 80 सीटों पर सिमट गई। पिछले चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 215 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा के खाते में 77 सीटें आई थीं।