नीतीश कैबिनेट में विभागों का बंटवारा : सम्राट चौधरी को गृह विभाग की जिम्मेदारी
- Post By Admin on Nov 21 2025
पटना : एनडीए सरकार के दोबारा गठन के साथ ही बिहार में मंत्रालयों का बंटवारा भी तय हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार दसवीं बार राज्य की कमान संभालते हुए अब सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन समेत वे विभाग देखेंगे जिन्हें किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किया गया है।
सरकार में दोनों नव नियुक्त उपमुख्यमंत्रियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। सम्राट चौधरी को गृह मंत्रालय सौंपा गया है, जो कानून-व्यवस्था के लिहाज से सबसे अहम माना जाता है। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को भूमि एवं राजस्व तथा खान एवं भूतत्व विभाग की कमान दी गई है।
नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद भाजपा बिहार ने अपने सभी मंत्रियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नवनियुक्त मंत्री सुशासन और स्थिरता को नई दिशा देंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र की कमान मंगल पांडे को सौंपी गई है, जिन्हें विधि विभाग भी मिला है। उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दिलीप जायसवाल को मिली है, जबकि नितिन नबीन को पथ निर्माण और नगर विकास एवं आवास जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं। कृषि विभाग का भार रामकृपाल यादव को सौंपा गया है।
संजय टाइगर श्रम संसाधन विभाग संभालेंगे, वहीं पर्यटन, कला-संस्कृति एवं युवा विभाग की जिम्मेदारी अरुण शंकर प्रसाद को दी गई है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग सुरेंद्र मेहता को मिला है, जबकि नारायण प्रसाद अब आपदा प्रबंधन विभाग देखेंगे। पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग रमा निषाद को सौंपा गया है और अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग की जिम्मेदारी लखेंद्र पासवान निभाएंगे।
आईटी और खेल विभाग की बागडोर श्रेयसी सिंह को मिली है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन के साथ सहकारिता विभाग का प्रभार प्रमोद चंद्रवंशी के पास गया है। इसके अलावा विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, संसदीय कार्य, भवन निर्माण और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जैसे बड़े विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
बिजेंद्र प्रसाद यादव को ऊर्जा, योजना एवं विकास, वित्त, वाणिज्य कर तथा मद्य निषेध-निबंधन विभाग दिए गए हैं। ग्रामीण विकास और परिवहन विभाग श्रवण कुमार को मिला है, जबकि अशोक चौधरी अब ग्रामीण कार्य विभाग देखेंगे।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग लेशी सिंह को मिला है। लघु जल संसाधन विभाग संतोष कुमार सुमन को सौंपा गया है। शिक्षा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा की बड़ी जिम्मेदारी सुनील कुमार को दी गई है।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग मोहम्मद जमा खान संभालेंगे। गन्ना उद्योग संजय कुमार के पास गया है, जबकि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संजय कुमार सिंह और पंचायत राज विभाग दीपक प्रकाश को सौंपा गया है।
नए सियासी समीकरणों और विभागों के इस बंटवारे के साथ अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई टीम बिहार के विकास को किस नई दिशा में आगे बढ़ाती है।