वियतनाम में बाढ़ से तबाही : 67,700 से ज्यादा घर डूबे, अनाज और पशुओं पर भी संकट

  • Post By Admin on Nov 21 2025
वियतनाम में बाढ़ से तबाही : 67,700 से ज्यादा घर डूबे, अनाज और पशुओं पर भी संकट

हनोई : वियतनाम के सेंट्रल इलाकों में आई भीषण बाढ़ ने तबाही मचा दी है। वियतनाम डिज़ास्टर एंड डाइक मैनेजमेंट अथॉरिटी के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारी बारिश के बाद आई बाढ़ में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 लोग लापता हैं। प्रशासन ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए स्थिति को गंभीर बताया है।

अथॉरिटी के मुताबिक, बाढ़ ने 67,700 से अधिक घरों को डूबो दिया, जबकि 168 संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तबाही और भी ज्यादा है—13,000 हेक्टेयर से अधिक धान और अन्य फसलें जलमग्न हो गई हैं। 88 हेक्टेयर मछली पालन फार्म भी पूरी तरह डूब गए। वहीं 30,700 से अधिक पशु और पोल्ट्री या तो मारे गए या बह गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा से करीब 3 ट्रिलियन वियतनामी डोंग यानी 120 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।

परिवहन व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। वियतनाम रेलवे कॉर्पोरेशन को 14 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा है। बिजली गुल होने से 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

खान होआ प्रांत में हालात बेहद गंभीर हैं—यहां 9,000 से अधिक घर पानी में डूबे, और कई पहाड़ी क्षेत्रों में हुए लैंडस्लाइड ने आवाजाही बाधित कर दी। अब तक 6,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। खान होआ में लैंडस्लाइड से 7 लोगों की मौत और 2 लोग लापता हैं।

डानांग शहर में भी भूस्खलन के बाद 3 लोग लापता हैं। क्वांग ट्राई और ह्यू शहर में बाढ़ में बह जाने से 1-1 व्यक्ति लापता हुआ है। इन क्षेत्रों में 13,759 घर जलमग्न, 7,000 हेक्टेयर धान नष्ट, और 5,000 से अधिक पशु-पक्षी मारे गए या बह गए हैं।

क्वांग ट्राई, ह्यू, क्वांग न्गाई और लाम डोंग प्रांतों में सड़क नेटवर्क बुरी तरह बाधित है, जिससे राहत और बचाव कार्यों को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।