BJP का संकल्प पत्र: युवाओं और कामगारों के लिए बड़ी योजनाएं

  • Post By Admin on Jan 21 2025
BJP का संकल्प पत्र: युवाओं और कामगारों के लिए बड़ी योजनाएं

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा जारी कर दिया है। इस बार पार्टी ने युवाओं, छात्रों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस संकल्प पत्र को जारी करते हुए दिल्ली के विकास और जरूरतमंदों के लिए विशेष योजनाओं का वादा किया।

केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा

भाजपा ने घोषणा की है कि अगर उनकी सरकार बनी तो दिल्ली के सरकारी संस्थानों में जरूरतमंद छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए विशेष योजना

अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए भाजपा ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टायपेंड योजना शुरू करने का वादा किया है। इस योजना के तहत छात्रों को हर महीने 1,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने पांच साल में केवल 5 एससी छात्रों को छात्रवृत्ति दी। जबकि केंद्र सरकार ने 34.5 लाख अनुसूचित जाति के छात्रों को मदद पहुंचाई।

ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों के लिए कल्याणकारी योजनाएं

भाजपा ने ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों के लिए एक विशेष ऑटो-टैक्सी वेलफेयर बोर्ड बनाने का वादा किया है। इसके तहत 10 लाख रुपये तक का जीवन बीमा, 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, ड्राइवरों के बच्चों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। ठाकुर ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने ऑटो चालकों के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई।

घरेलू सहायकों के लिए वेलफेयर बोर्ड

भाजपा ने घरेलू सहायकों के लिए वेलफेयर बोर्ड बनाने का ऐलान किया है। इसमें माली, सफाईकर्मी और खाना बनाने वाले जैसे कामगारों को शामिल किया जाएगा। इन कामगारों को 10 लाख रुपये का जीवन बीमा, 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, बच्चों के लिए छात्रवृत्ति दी जाएगी।

रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी लोन

भाजपा ने दिल्ली के 4 लाख रेहड़ी-पटरी वालों को बिना किसी गारंटी के लोन देने का वादा किया है। यह योजना छोटे व्यापारियों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों को आर्थिक मजबूती देने के उद्देश्य से शुरू की जाएगी।

आप सरकार के घोटालों की जांच का ऐलान

भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार बनी तो आप सरकार के घोटालों की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आप सरकार ने शराब नीति और दिल्ली जल बोर्ड जैसे मामलों में करोड़ों रुपये का घोटाला किया है।

पहले हिस्से में महिलाओं के लिए बड़े वादे

भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के पहले हिस्से में महिलाओं को साधने के लिए कई वादे किए थे| जिनमें हर महिला को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता, गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, पेंशन में बढ़ोतरी, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने के लिए अटल कैंटीन खोलने का वादा शामिल था।