पटना: बिहार में ठंड का असर लगातार जारी है। हिमालय की पर्वत श्रृंखलाओं में हो रही बर्फबारी के कारण ठंडी उत्तरी-पछुआ हवाएं राज्य में गलन भरी ठंड लेकर आई हैं। मंगलवार को दिनभर तेज धूप खिलने के बावजूद ठंड का असर कम नहीं होगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक यह स्थिति बनी रहेगी।
तापमान में मामूली वृद्धि के आसार
पटना मौसम विभाग के मुताबिक, 21 जनवरी की रात से न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। लेकिन जनवरी के अंत तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
इन जिलों में छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और दक्षिणी भागों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सहरसा, दरभंगा, भागलपुर, खगड़िया, कटिहार और मुंगेर जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा। पछुआ हवाओं के कारण सुबह और शाम को ठंड और बढ़ सकती है।
सोमवार को गया रहा सबसे ठंडा जिला
पिछले 24 घंटों में गया जिला का कोंच प्रखंड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वैशाली में 7.0, सिवान में 7.1, सारण में 7.4 और नालंदा में 7.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान की स्थिति
गया जिला के डुमरिया प्रखंड में सोमवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके बाद रोहतास में 26.4 और मुंगेर में 26.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
पछुआ हवाओं से बढ़ेगी ठंड
राज्य के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य भागों में तेज गति की पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। इन हवाओं के कारण दिन में धूप निकलने के बावजूद कनकनी और ठंड का असर रहेगा।




















