भाजपा सांसद को लगी सिर में चोट, कहा राहुल गांधी ने दिया धक्का
- Post By Admin on Dec 19 2024

नई दिल्ली : संसद परिसर में हुए हंगामे के दौरान भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी घायल हो गए। उनका आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा धक्का दिए जाने से यह घटना हुई। प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा कि "राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जिससे वह लड़खड़ाकर मेरे ऊपर गिर गए। मैं नीचे गिर पड़ा और मेरे सिर में चोट लग गई।" प्रताप चंद्र सारंगी को माथे में चोट लगी है। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें व्हीलचेयर पर बिठाकर इलाज के लिए ले जाया गया।यह घटना संसद भवन के मकर द्वार पर हुई।
दूसरी ओर, राहुल गांधी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा सांसदों ने उन्हें संसद में प्रवेश करने से रोकने की कोशिश की। राहुल गांधी ने कहा कि. "संसद में जाने का हमारा अधिकार है, लेकिन भाजपा सदस्य हमें रोकने और धमकाने की कोशिश कर रहे थे। यह संविधान और आंबेडकर जी की याद का अपमान है।" उन्होंने यह भी कहा कि पूरा घटनाक्रम कैमरों में कैद है और सच सामने आ जाएगा।
इस घटना के बाद सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा ने राहुल गांधी पर "अराजकता फैलाने" का आरोप लगाया है। जबकि कांग्रेस ने इसे "लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला" बताया है।