ममता के गढ़ में भाजपा का कब्जा, शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

  • Post By Admin on May 09 2026
ममता के गढ़ में भाजपा का कब्जा, शुभेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल आर.एन. रवि ने उन्हें शपथ दिलाई। इसके साथ ही दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निषिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्री तथा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। समारोह को भाजपा ने पश्चिम बंगाल में “नई राजनीतिक शुरुआत” बताया।इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधिकारिक तौर पर शुभेंदु अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता और राज्य का अगला मुख्यमंत्री घोषित किया था। स्वतंत्रता के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का गठन हुआ है।

2026 विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम सीट के साथ-साथ दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से भी जीत दर्ज की। भवानीपुर सीट पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। इससे पहले वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराया था। लगातार दूसरी बार ममता बनर्जी को चुनावी मुकाबले में शिकस्त देने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्य की सत्ता पर भाजपा का परचम लहराते हुए मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया है। भाजपा नेतृत्व ने उन्हें सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना था।