भारत की बढ़ी समुद्री ताकत, पीएम मोदी ने नौसेना को सौंपे तीन स्वदेशी युद्धपोत
- Post By Admin on Jun 21 2026
कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोलकाता के गार्डेनरीच स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में आयोजित समारोह में भारतीय नौसेना को तीन स्वदेशी युद्धपोत—आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और एंटी-सबमरीन युद्धपोत आईएनएस अग्रय—समर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मजबूत समुद्री क्षमता के बिना कोई भी राष्ट्र महाशक्ति नहीं बन सकता और भारत आत्मनिर्भर रक्षा निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय नौसेना में इन स्वदेशी युद्धपोतों का शामिल होना केवल नए जहाजों का जुड़ना नहीं, बल्कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती ताकत और तकनीकी क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में केवल खरीदार बनकर नहीं रहना चाहता, बल्कि स्वदेशी निर्माण और नवाचार के बल पर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। गार्डेनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) द्वारा डिजाइन और निर्मित इन तीनों युद्धपोतों का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तथा नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया।
आईएनएस दूनागिरी प्रोजेक्ट-17ए का अत्याधुनिक स्टील्थ फ्रिगेट है, जो ब्रह्मोस मिसाइलों सहित आधुनिक हथियारों और सेंसर से लैस है तथा सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने में सक्षम है। वहीं आईएनएस संशोधक देश का चौथा बड़ा सर्वे वेसल है, जिसे तटीय एवं गहरे समुद्री हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण और रक्षा व नागरिक क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। एंटी-सबमरीन युद्धपोत आईएनएस अग्रय अर्नाला श्रेणी का चौथा पोत है, जो उथले समुद्री क्षेत्रों में दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने और उन्हें नष्ट करने में सक्षम है। यह टॉरपीडो, स्वदेशी रॉकेट लॉन्चर और अत्याधुनिक सोनार प्रणाली से लैस है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आईएनएस विक्रांत से लेकर आईएनएस अग्रय, आईएनएस दूनागिरी और आईएनएस संशोधक तक की यात्रा भारत की बढ़ती नौसैनिक शक्ति और आत्मनिर्भरता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि ये युद्धपोत भारतीय उद्योगों की क्षमता, इंजीनियरों की विशेषज्ञता और श्रमिकों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण हैं तथा देश की समुद्री सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेंगे।