अभिषेक बनर्जी पर अंडे-जूतों की बारिश, सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश
- Post By Admin on May 30 2026
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के दौरे के दौरान भारी हंगामा और विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी को प्रदर्शनकारियों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान उन पर अंडे फेंके गए, धक्का-मुक्की हुई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी का कार्यक्रम चुनावी हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात करने का था। सोनारपुर पहुंचने से पहले ही पाटुली ढलाई ब्रिज से कमराबाद तक बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी काले झंडों और विरोधी नारों के साथ मौजूद थे। रास्ता अवरुद्ध होने के कारण अभिषेक बनर्जी को अपना वाहन छोड़कर मोटरसाइकिल से आगे बढ़ना पड़ा।
बताया जाता है कि सोनारपुर के कमागाजी इलाके में प्रवेश के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को घेर लिया। इस दौरान अंडे फेंके गए और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए विशेष सुरक्षा घेरा बनाया। विरोध के बीच अभिषेक बनर्जी किसी तरह हिंसा में मृत कार्यकर्ता संजू कर्मकार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दौरे के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि पूरे मामले को लेकर वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
दूसरी ओर, टीएमसी नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। वहीं घटना के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। इस घटनाक्रम के बाद सोनारपुर और आसपास के इलाकों में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने और घटनाक्रम की जांच में जुटा हुआ है।