तारापीठ में बड़ा हादसा : होटल में आग लगने से 5 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
- Post By Admin on Aug 17 2026
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारापीठ में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। तारापीठ थाने के पास स्थित चार मंजिला होटल ‘विदेशिनी’ के ग्राउंड फ्लोर पर बने रिसेप्शन में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। धुएं के कारण भी कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना है।
सावन के अंतिम सोमवार के कारण तारापीठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। भारी भीड़ के चलते होटल भी पूरी तरह भरा हुआ था। हादसे के वक्त अधिकांश लोग अपने कमरों में सो रहे थे। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सोमवार तड़के करीब 4:30 से 5 बजे के बीच लगी। आग की शुरुआत होटल के ग्राउंड फ्लोर स्थित रिसेप्शन काउंटर से हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, होटल मालिक ने एसी के स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट और एमसीबी फटने को आग लगने की संभावित वजह बताया है।
रिसेप्शन में मौजूद फाइबर और सजावटी सामान ने तेजी से आग पकड़ ली। इसके बाद आग और धुआं देखते ही देखते ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया। जहरीला धुआं चौथी मंजिल तक फैलने से कई श्रद्धालुओं का दम घुटने लगा। नींद में होने के कारण लोगों को संभलने और होटल से बाहर निकलने का पर्याप्त मौका भी नहीं मिल सका।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।