लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि बने नए CDS, तीनों सेनाओं की संभालेंगे कमान
- Post By Admin on May 09 2026
नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया है। वह जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। नए सीडीएस के रूप में वह भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के बीच समन्वय और रणनीतिक संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि चार दशकों से अधिक के विशिष्ट सैन्य अनुभव वाले वरिष्ठ अधिकारी हैं। वर्तमान में वह सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वह सेना के उप प्रमुख तथा केंद्रीय कमान के जीओसी-इन-सी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर कई प्रमुख सैन्य अभियानों और परिचालन इकाइयों की कमान भी संभाली है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीडीएस का कार्यभार संभालने के साथ ही लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि सैन्य मामलों के विभाग में सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से अपने सैन्य करियर की शुरुआत की थी और दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया। उन्होंने सेना और रक्षा प्रतिष्ठान में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए व्यापक रणनीतिक और परिचालन अनुभव हासिल किया। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के ब्रैक्नेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद भारत लौटकर उन्होंने एक पर्वतीय ब्रिगेड में ब्रिगेड मेजर के रूप में कार्य किया तथा नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज में उच्च अध्ययन भी किया। उनकी शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय रही हैं। उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री और मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एम.फिल की उपाधि प्राप्त की है।
अपने 35 वर्षों से अधिक के सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई संवेदनशील और संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में सेवाएं दीं। वह कजाकिस्तान के अस्ताना स्थित भारतीय दूतावास में रक्षा अटैची के रूप में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सेना मुख्यालय में सहायक सैन्य सचिव तथा पूर्वी कमान मुख्यालय में कर्नल जनरल स्टाफ (ऑपरेशन) के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। जम्मू-कश्मीर में वह राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर के उप कमांडर भी रह चुके हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि को परम विशिष्ट सेवा पदक (पीवीएसएम), अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम), सेना पदक (एसएम) और विशिष्ट सेवा पदक (वीएसएम) से सम्मानित किया जा चुका है।