भगवान भरोसे चल रहा है झारखंड का जेल :पूर्णिमा नीरज सिंह

  • Post By Admin on Jul 31 2023
भगवान भरोसे चल रहा है झारखंड का जेल :पूर्णिमा नीरज सिंह

धनबाद : झारखंड के जेलों में अभी भी टूजी तकनीक पर टिकी हुई हैं, जबकि दूसरी ओर लोग 5जी के जमाने में दौड़ते चले जा रहे हैं। यह कारण है कि जेलों में रोज छापेमारी के दौरान 5जी मोबाइल जब्त हो रहे हैं। अपराधी जेल से तकनीक का सहारा लेकर अपना साम्राज्य चला रहे हैं।

झारखंड के जेलों में 12 साल पहले टूजी जैमर अधिष्ठापित किया गया था, लेकिन समय के साथ इसे अपग्रेड नहीं किया गया है। इसलिए जेलों में बंद अपराधियों को अंकुश लगाने में दिक्कत हो रही है। विभाग ने बताया कि अब तकनीक को अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लेकिन इससे पहले जेलों में लगे जेमर उच्च तकनीक से लैस नहीं होने के कारण अपराधी इसका भरपूर लाभ उठा रहे हैं। झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने यह प्रश्न किया कि क्या राज्य के विभिन्न जेलों में लगे जैमर उच्च तकनीक से लैस नहीं हैं। इसका जवाब दिया गया कि 2010-11 में राज्य के विभिन्न कारागारों में टूजी जैमर अधिष्ठापित किए गए थे। इससे हायर जनरेशन की फ्रीक्वेंसी थ्रीजी-फोर जी पर प्रभावी नहीं हो पाती है।

पूर्णिमा सिंह ने भी दुर्गम अपराधियों को नियंत्रित करने के लिए सरकार से पूछा कि क्या जल्द ही जेलों में फोर जी या 5जी फोन नेटवर्क जैमर लगाए जाएंगे। सरकार ने जवाब में बताया कि अभी तक इस प्रस्ताव की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही कारागारों में मोबाइल फोन जैसे प्रतिबंधित उपकरणों के प्रवेश को रोकने के लिए सुरक्षात्मक उपाय भी अपनाए जा रहे हैं।