कांग्रेस समर्थन के बावजूद विजय बहुमत से दूर, शपथ ग्रहण पर संशय
- Post By Admin on May 07 2026
चेन्नई : तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तमिलगाम वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख थलापति विजय के सरकार गठन के दावे पर फिलहाल संशय बना हुआ है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को स्पष्ट बहुमत के साथ दोबारा प्रस्ताव पेश करने को कहा है, जिसके चलते 7 मई को संभावित शपथ ग्रहण टल गया है।
बुधवार को थलापति विजय ने कांग्रेस के समर्थन पत्र के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने 112 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपते हुए बहुमत साबित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा। हालांकि राज्यपाल ने उनसे 118 विधायकों के समर्थन के साथ प्रस्ताव लाने को कहा है। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत है। कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों का सशर्त समर्थन दिया है, लेकिन विजय के दो सीटों से निर्वाचित होने के कारण समर्थन संख्या 112 मानी जा रही है। टीवीके अब वामपंथी दलों समेत अन्य छोटी पार्टियों के समर्थन जुटाने में लगी है।
सूत्रों के अनुसार टीवीके ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और डीएमडीके से संपर्क साधा है। इन दलों के समर्थन मिलने पर विजय बहुमत के आंकड़े को पार कर सकते हैं। हालांकि अधिकांश दलों ने समर्थन पर फैसला लेने के लिए 8 मई तक का समय मांगा है। इधर कांग्रेस ने भी टीवीके के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि भाजपा या उससे जुड़ी किसी पार्टी को टीवीके गठबंधन में शामिल नहीं किया जाएगा। कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडंकर ने कहा कि विजय ने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल को फोन कर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया है और शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित भी किया है।
पहले संभावना जताई जा रही थी कि विजय 7 मई को चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में शपथ ले सकते हैं, लेकिन राज्यपाल की ओर से पूर्ण बहुमत का प्रमाण मांगे जाने के बाद अब शपथ ग्रहण 8 मई के बाद होने की संभावना है। विजय अपने 9 से 10 मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं। इस बीच एआईएडीएमके ने टीवीके को समर्थन देने की खबरों का खंडन किया है। पार्टी के उपमहासचिव केपी मुनुसामी ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी परिस्थिति में टीवीके का समर्थन नहीं करेगी। टीवीके को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किए जाने पर भाजपा नेता Subramanian Swamy ने भी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद विजय को आमंत्रित नहीं करना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है और राज्यपाल को तत्काल सरकार गठन का अवसर देना चाहिए।
गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में पारंपरिक द्रविड़ दल डीएमके और एआईएडीएमके दोनों को बड़ा झटका लगा है। टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि डीएमके 59 और एआईएडीएमके 47 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस को पांच सीटों पर सफलता मिली है।