तेल आपूर्ति पर संकट के बीच भारत को राहत, ईरान ने खोला होर्मुज का रास्ता

  • Post By Admin on Mar 12 2026
तेल आपूर्ति पर संकट के बीच भारत को राहत, ईरान ने खोला होर्मुज का रास्ता

नई दिल्ली : वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों को लेकर बढ़ती चिंता के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान ने भारत के झंडे वाले तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है। बताया जा रहा है कि यह निर्णय भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर की पहल के बाद लिया गया।

सूत्रों के अनुसार हाल ही में एस. जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच हुई बातचीत के बाद ईरान ने भारतीय जहाजों को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से सुरक्षित आवाजाही की अनुमति देने का फैसला किया।

ईरान की इस मंजूरी के बाद भारतीय तेल टैंकर ‘पुष्पक’ और ‘परिमल’ सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं। इसके अलावा एक अन्य तेल टैंकर, जिसके कप्तान भारतीय बताए जा रहे हैं, वह भी इस मार्ग से सफलतापूर्वक गुजर चुका है। बताया जा रहा है कि युद्ध जैसी स्थिति शुरू होने के बाद यह पहला जहाज है जो इस रास्ते से गुजरते हुए भारत पहुंचा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सऊदी अरब का कच्चा तेल लेकर आ रहा लाइबेरिया के झंडे वाला एक टैंकर भी दो दिन पहले होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर चुका है और फिलहाल मुंबई पोर्ट पर रुका हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से भारत की ऊर्जा आपूर्ति और तेल परिवहन को लेकर बनी अनिश्चितता में कुछ राहत मिल सकती है।