पीडीएस डीलरों की औपबंधिक मेधा सूची जारी, 13 अप्रैल तक आपत्ति का मौका
- Post By Admin on Mar 23 2026
लखीसराय : जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की नई नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए औपबंधिक मेधा सूची जारी कर दी गई है। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में इस सूची को अनुमोदित किया गया।
जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 100 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन संख्या 03-01/2025 के तहत प्राप्त आवेदनों की प्रखंडवार जांच की गई थी। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी, लखीसराय द्वारा औपबंधिक मेधा सूची तैयार कर समिति को सौंपी गई, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान कर दी गई। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अब इस सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया गया है।
विभाग की ओर से असंतुष्ट आवेदकों को दावा या आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी दिया गया है। मेधा सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति आवेदक 23 मार्च 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक कुल 15 कार्य दिवसों के भीतर जिला आपूर्ति पदाधिकारी कार्यालय में लिखित रूप में जमा कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
प्राप्त दावों और आपत्तियों के निष्पादन के बाद ही चयन समिति द्वारा अंतिम मेधा सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि औपबंधिक मेधा सूची को जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। इसके साथ ही सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने कार्यालय के सूचना पट्ट पर भी सूची प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवेदक अपनी स्थिति आसानी से देख सकें।