ऑपरेशन सतर्क के तहत शराब तस्कर गिरफ्तार, 11 बोतल विदेशी शराब बरामद
- Post By Admin on Mar 24 2026
लखीसराय : किऊल रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 11 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को किऊल स्टेशन के पूर्वी छोर स्थित यार्ड क्षेत्र में गश्ती के दौरान सहायक उपनिरीक्षक लालजीत सिंह और आरक्षी दिवाकर कुमार ने एक संदिग्ध युवक को हरे रंग के बैग के साथ पकड़ा। तलाशी लेने पर बैग से रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की की 11 बोतल बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान रंजन कुमार (19 ), पिता बाल्मीकि यादव, ग्राम गोहड़ी देवनगर, थाना बन्नूबागीचा, जिला शेखपुरा के रूप में हुई है। बरामद शराब की प्रत्येक बोतल 750 मिलीलीटर की है, जिसकी कुल मात्रा 8.25 लीटर बताई गई है। सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन झारखंड” अंकित पाया गया। बरामद शराब की कुल कीमत करीब 9020 रुपए बताई जा रही है।
आरपीएफ ने मौके पर ही वीडियोग्राफी करते हुए जब्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई की। हालांकि उपस्थित यात्रियों से गवाह बनने का आग्रह किया गया, लेकिन कानूनी प्रक्रिया में नहीं पड़ने की बात कहकर उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद मौजूद आरपीएफ कर्मियों को ही गवाह बनाकर जब्ती सूची तैयार की गई।
गिरफ्तार युवक को बरामद शराब और संबंधित दस्तावेजों के साथ आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी), किऊल को सौंप दिया गया है, जहां इस मामले में कांड दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक लालजीत सिंह और आरक्षी दिवाकर कुमार शामिल थे।