भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में जुटेंगे शिक्षा जगत के विशेषज्ञ, 9 जुलाई से प्रशिक्षण वर्ग

  • Post By Admin on Jun 26 2026
भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में जुटेंगे शिक्षा जगत के विशेषज्ञ, 9 जुलाई से प्रशिक्षण वर्ग

मुजफ्फरपुर : विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तर बिहार प्रांत एवं लोक शिक्षा समिति, मुजफ्फरपुर के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 15 जुलाई 2026 तक भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में सात दिवसीय 'क्षेत्रीय आचार्य सेवा स्थायित्व प्रशिक्षण वर्ग' का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला की तैयारियों को लेकर लोक शिक्षा समिति कार्यालय, मुजफ्फरपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में बताया गया कि सात दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग में कुल 22 सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, दिल्ली के अधिकारी भी प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान, उत्तर बिहार प्रांत के अध्यक्ष डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों एवं विद्या भारती के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा चुका है। आयोजन को सफल बनाने के लिए शीघ्र ही विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा।

लोक शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने कहा कि उत्तर बिहार प्रांत के तत्वावधान में इस प्रकार की यह पहली कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति, भारतीय ज्ञान परंपरा, पंचपदी शिक्षा, पंच-परिवर्तन, योग शिक्षा, भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति तथा 'वसुधैव कुटुंबकम' जैसे विषयों पर सात दिनों तक विशेष व्याख्यान आयोजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बैठक में विद्या भारती उच्च शिक्षा उत्तर बिहार प्रांत के सचिव डॉ. अमर बहादुर शुक्ला, अध्यक्ष डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता, सह-सचिव डॉ. ललित किशोर, डॉ. सत्यनारायण गुप्ता, अवधेश कुमार, प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल, प्रशांत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।