बीआरएबीयू ने पीएचडी (2023-24) नामांकन प्रक्रिया की स्थगित, 22 जून से प्रस्तावित दाखिला टला

  • Post By Admin on Jun 22 2026
बीआरएबीयू ने पीएचडी (2023-24) नामांकन प्रक्रिया की स्थगित, 22 जून से प्रस्तावित दाखिला टला

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) ने पीएचडी सत्र 2023 एवं 2024 की नामांकन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

जारी पत्र के अनुसार, पूर्व में सीसीडीसी/160, दिनांक 20 मई 2026 के माध्यम से 22 जून 2026 से पीएचडी नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की सूचना दी गई थी। हालांकि, अब कुछ अपरिहार्य कारणों एवं वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इस प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नामांकन से संबंधित अगली तिथि एवं आवश्यक दिशा-निर्देश बाद में सभी विश्वविद्यालय विभागाध्यक्षों (एचओडी) को सूचित किए जाएंगे।

यह आदेश कुलपति के निर्देश पर पीएटी (PAT) 2023 एवं 2024 के नोडल पदाधिकारी द्वारा जारी किया गया है। पत्र की प्रति सभी संबंधित अधिकारियों, संकायाध्यक्षों, विश्वविद्यालय विभागाध्यक्षों, बीआरएबीयू से संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों तथा यूएमआईएस समन्वयक को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है। पीएचडी में नामांकन की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब विश्वविद्यालय की ओर से नई अधिसूचना जारी होने का इंतजार करना होगा।