ओडिशा: स्वास्थ्य मंत्री पर ASI ने चलाई गोलियां, हालत गंभीर

  • Post By Admin on Jan 29 2023
ओडिशा: स्वास्थ्य मंत्री पर ASI ने चलाई गोलियां, हालत गंभीर

ओडिशा: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर रविवार दोपहर एक ASI ने फायरिंग कर दी। नब दास के सीने में 4-5 गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है। उन्हें भुवनेश्वर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI गोपालदास को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। 

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास कार्यक्रम में चीफ गेस्ट थे। जब वो पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी उन पर किसी ने गोली चला दी। हमने देखा एक पुलिसकर्मी पास से गोली चलाकर भाग रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर पहुंचे थे। कार से उतरते ही एक ASI गोपालदास ने नब दास पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाई।

बताते चलें कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास और विवादों का चोली दामन का साथ है। मुख्यमंत्री पटनायक के बेहद करीबी माने जाने वाले दास ओडिशा सरकार के सबसे अमीर मंत्रियों में से एक हैं। उनके पास संबलपुर, भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा के कई बैंकों में 45.12 लाख रुपए से अधिक रकम जमा है। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री के पास 15 करोड़ की कीमत के करीब 70 से अधिक वाहन है। जिसमें 1.14 करोड़ की एक मर्सिडीज बेंज भी शामिल है। दास हाल ही में महाराष्ट्र के एक मंदिर में एक करोड़ रुपए से अधिक का सोने का कलश दान कर सुर्खियों में आए थे। दास ने महाराष्ट्र के शनि शिंगणापुर मंदिर को 1.7 किलोग्राम सोने और 5 किलोग्राम चांदी से बने कलश दान किए थे। दास 2015 में विधानसभा सत्र के दौरान पोर्न देखते पकड़े गए थे। इसके बाद तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष निरंजन पुजारी ने उन्हें एक हफ्ते के लिए निलंबित कर दिया था। इस मामले में नब किशोर ने कहा था कि मैंने अपने जीवन में आज तक कोई भी एडल्ट वीडियो नहीं देखा है। यह इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान गलती से हो गया। जैसे ही मुझे पता चला, मैंने उसी समय इसे बंद कर दिया था।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।