भुवनेश्वर : मौसम तंत्र के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़, जलजमाव और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। 25 सितंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में निचले तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से करीब 10 हजार लोगों को निकालकर लगभग 200 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया।
भारी बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने और भूस्खलन से रास्ते बाधित हुए हैं। कई नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के ऊपर पहुंचने की सूचना है, जिससे कुछ इलाकों में दोबारा बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। नबरंगपुर के तेंतुलीखुंटी में 24 घंटे के दौरान 395 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि नंदाहांडी में 344 मिलीमीटर और कोरापुट जिले के बोरिगुमा में 307.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अत्यधिक बारिश से कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
आईएमडी के अनुसार मौसम तंत्र कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल चुका है और आगे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके धीरे-धीरे और कमजोर होने की संभावना है, लेकिन इसके प्रभाव से मध्य और पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियां अभी जारी रह सकती हैं।


















