मुजफ्फरपुर : बीते मंगलवार को मनियारी थाना अंतर्गत हुए पत्रकार शिवशंकर झा हत्याकांड का मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा सफल उद्भेदन कर लिया गया है। गुरुवार को सिटी एसपी अवधेश सरोज दीक्षित ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी साझा की।

प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ने बताया कि मंगलवार की रात्रि में मनियारी थाना अंतर्गत ग्राम माड़ीपुर, पाकड़ चौक के पास स्थित रोड पर शिवशंकर झा (पत्रकार) पे. स्व. महेश कांत झा, सा. माड़ीपुर थाना मनियारी जिला मुजफ्फरपुर को चाकू लगने से जख्मी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना प्राप्त होते ही मनियारी थाना की टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की गई। स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी को आवश्यक बेहतर उपचार हेतु एस.के.एम.सी.एच. में भर्ती कराया गया, जहां ईलाज के क्रम में चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस घटना के संबंध में मनियारी थाना कांड सं.-147/ 24, दिनांक : 26.06.24 धारा 302/120बी भा.द.वि. दर्ज किया गया है। कांड के सफल उद्भेदन हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी - 02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल के आस-पास लगे सी.सी.टी.वी. फुटेज का अवलोकन किया गया तथा मानवीय एवं तकनीकी बिंदुओं पर लगातार कार्य कर घटना में संलिप्त दो अपराधकर्मी रजनीश साह, पे. लक्ष्मी साह, सा. माड़ीपुर, थाना- मनियारी और अवध किशोर सिंह, पे. स्व. रामसागर सा. छपरामेघ, थाना-मुशहरी, को गिरफ्तार किया गया। घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु सघन छापामारी की जा रही है। अग्रेतर कार्यवाही की जा रही है।