UGC की शिकायत पर बड़ा एक्शन, अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन गिरफ्तार
- Post By Admin on Feb 05 2026
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अहम कार्रवाई करते हुए अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जावेद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर विश्वविद्यालय के संचालन में बड़े पैमाने पर जालसाजी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरफ्तारी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से दर्ज कराई गई दो एफआईआर के आधार पर की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला लाल किले के पास हुए धमाके के बाद शुरू हुई जांच से जुड़ा है। धमाके के बाद जब सुरक्षा एजेंसियों ने जांच का दायरा बढ़ाया, तो अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने विश्वविद्यालय के कामकाज को लेकर तफ्तीश शुरू की, जिसमें फर्जीवाड़े और अनियमितताओं के ठोस सबूत मिले।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी पहले से जांच कर रहा था। ईडी से मिले इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने सिद्दीकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने गहन पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जावेद अहमद सिद्दीकी को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस दौरान पुलिस विश्वविद्यालय से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन और कथित फर्जी गतिविधियों की भी जांच करेगी।
गौरतलब है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी इससे पहले भी सुर्खियों में आ चुकी है। फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में यूनिवर्सिटी के एक शिक्षक मुजम्मिल शकील की गिरफ्तारी के बाद संस्थान पर सवाल खड़े हुए थे। उस कार्रवाई में आरोपी के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए थे। इसी आतंकी कनेक्शन के बाद से ही यूनिवर्सिटी जांच एजेंसियों के रडार पर थी।