लखीसराय में 27 लीटर बीयर और देसी-विदेशी शराब जब्त, धंधेबाजों सहित 9 गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 09 2026
लखीसराय में 27 लीटर बीयर और देसी-विदेशी शराब जब्त, धंधेबाजों सहित 9 गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में अवैध शराब के खिलाफ मद्यनिषेध थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए 8 अक्टूबर 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में बीयर, चुलाई शराब और विदेशी शराब जब्त करने के साथ-साथ बेचने वाले धंधेबाजों और पीने वालों को हिरासत में लिया।

पुलिस द्वारा जारी प्रतिवेदन के अनुसार किउल स्टेशन परिसर से लावारिस हालत में 27 लीटर बीयर बरामद की गई। इसके अलावा पीरीबाजार थाना क्षेत्र के गढ़ी विशनपुर, वार्ड 09 में कार्रवाई कर आशा देवी को 3 लीटर अवैध चुलाई शराब बेचते हुए पकड़ा गया। लखीसराय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बाजार मारवाड़ी मोहल्ला, महावीर स्थान वार्ड 11 से सूरज कुमार को 1.440 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं किउल थाना क्षेत्र के वृंदावन मुसहरी, वार्ड 12 में छापेमारी कर अजय दास को 7 लीटर चुलाई शराब की बिक्री करते हुए दबोचा गया।

शराब बिक्री के साथ-साथ मद्यपान करने वालों के खिलाफ भी पुलिस का कड़ा रुख देखने को मिला। किउल के खगौर निवासी रौशन कुमार को वृंदावन से, कजरा थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी नेतीलाल महतो को कजरा गुमटी से, तथा पीरीबाजार मोड़ से रामपुर चौक निवासी सुरेन्द्र पासवान एवं अभयपुर महा निवासी रोहित शर्मा को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। बड़हिया थाना अंतर्गत गढ़ टोला में की गई कार्रवाई के दौरान शेखपुरा जिले के कोरमा थाना क्षेत्र, गगौर, वार्ड 07 के निवासी सियाराम कुमार और रामवली कुमार को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।