किऊल स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 09 2026
किऊल स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

लखीसराय : किऊल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक युवक को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद वीवो कंपनी के मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत की गई।

आरपीएफ की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर किऊल स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के उद्देश्य से उप निरीक्षक ललन कुमार सिंह और कांस्टेबल विवेक कुमार गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट पर विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12368 स्टेशन पहुंची। ट्रेन के बी-4 कोच से उतरने के बाद एक युवक प्लेटफॉर्म पर तेजी से भागता दिखाई दिया। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद वहां मौजूद आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक के पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान 20 वर्षीय सतीश कुमार के रूप में हुई है। वह लखीसराय जिले के किऊल थाना क्षेत्र के खगौर गांव, वार्ड संख्या 5 का रहने वाला बताया गया है। आरपीएफ ने दोपहर करीब 2 बजकर 30 मिनट पर गिरफ्तारी के कारण की जानकारी देते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल के मालिक भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र के गोलुधाम गांव, वार्ड संख्या 8 निवासी फूलो यादव ने इस मामले में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर किऊल रेल थाना (जीआरपी) में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। आरपीएफ के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई रेल थाना किऊल के स्तर पर की जा रही है। जांच और कानूनी प्रक्रिया में होने वाली प्रगति की जानकारी बाद में दी जाएगी।