लखीसराय में आबकारी विभाग का छापा, दो महिलाओं समेत 5 गिरफ्तार
- Post By Admin on Oct 07 2026
लखीसराय : बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मद्य निषेध विभाग लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा 6 अक्टूबर 2026 को जिले के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 27 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद करते हुए शराब बेचने वाली दो महिलाओं सहित तीन धंधेबाजों और दो पियक्कड़ों को पकड़ा गया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, किऊल थाना क्षेत्र के हाकिमगंज इलाके में छापेमारी कर रामसीर, वार्ड नंबर 11 निवासी कुन्दन कुमार, पिता उदय राम को 7 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, किऊल स्टेशन परिसर में की गई कार्रवाई के दौरान जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र की रहने वाली दो महिलाओं को भारी मात्रा में शराब के साथ रंगे हाथ दबोचा गया। इनमें चपोलवा निवासी फुदी हांसदा, पति वृजू हेम्ब्रम के पास से 9 लीटर और कठोतिया निवासी सरिता हंसदा, पति मंजला बेसरा के पास से 11 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई।
इसके अलावा, विरूपुर थाना क्षेत्र के पाली गांव में भी मद्य निषेध टीम ने दबिश दी। यहां शराब का सेवन करने के आरोप में स्थानीय निवासी दीपक कुमार, पिता दाहो सहनी और सतीश सहनी, पिता जोगी सहनी को हिरासत में लिया गया। विभाग द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।