लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर 3138 लीटर जब्त शराब पर चला बुलडोजर
- Post By Admin on Oct 07 2026
लखीसराय : जिले में मद्य निषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने और अवैध शराब कारोबार के खात्मे के लिए बुधवार, 07 अक्टूबर 2026 को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की सीधी निगरानी में उत्पाद कार्यालय परिसर में विभिन्न छापों के दौरान जब्त की गई कुल 3,138.655 लीटर देसी एवं विदेशी शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।
नष्ट की गई खेप में उत्पाद थाना द्वारा विभिन्न मामलों में पकड़ी गई 2,468.565 लीटर शराब और जिला पुलिस द्वारा अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जब्त की गई 670.090 लीटर अवैध शराब शामिल थी। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक दिशानिर्देशों और वीडियोग्राफी के तहत संपन्न कराई गई।
इस मौके पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, ढुलाई या बिक्री में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पुलिस और उत्पाद पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत करते हुए शराब तस्करों और धंधेबाजों के खिलाफ लगातार सघन छापेमारी अभियान जारी रखें।
शराब विनष्टीकरण की इस प्रक्रिया के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), मद्यनिषेध अधीक्षक दीपक कुमार सिंह तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित उत्पाद एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।