लखीसराय में 'वोट चोरी' के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन, शहीद द्वार पर फूंका पीएम और चुनाव आयुक्त का पुतला
- Post By Admin on Oct 07 2026
लखीसराय : जिले के शहीद द्वार के समीप बुधवार को विपक्षी दलों ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और 'एसआईआर' (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सीपीआई(एम), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारी नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के बहाने वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली की जा रही है।
विरोध सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में चुनावी प्रक्रियाओं से खिलवाड़ कर 'वोट चोरी' का प्रयास किया जा रहा है। विपक्षी नेताओं ने तत्काल प्रभाव से एसआईआर को रद्द करने और चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग और सरकार ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया, तो यह आंदोलन सड़क से संसद तक और अधिक उग्र किया जाएगा। इस दौरान तीनों दलों के कई प्रमुख पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।