'जिला उर्दू नामा' पत्रिका के नए अंक की तैयारी, लखीसराय के साहित्यकारों और कवियों से आलेख आमंत्रित
- Post By Admin on Oct 09 2026
लखीसराय : उर्दू निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार समाहरणालय लखीसराय स्थित जिला उर्दू भाषा कोषांग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक पत्रिका 'जिला उर्दू नामा' का प्रकाशन किया जाना है। इसके लिए स्थानीय लेखकों, कवियों और रचनाकारों से लखीसराय जिले के शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक विषयों पर आधारित आलेख, लेख, नज्म व गजल जैसी काव्य रचनाएं आमंत्रित की गई हैं।
इच्छुक लेखक अपनी सामग्री उर्दू में टाइप कराकर अथवा लिखकर 15 नवंबर 2026 तक जिला उर्दू भाषा कोषांग को सौंप सकते हैं। प्रविष्टियां आधिकारिक ईमेल आईडी dmwo.lak-bin@nic.in पर भेजी जा सकती हैं या सीधे जिला उर्दू भाषा कोषांग के कार्यालय में हाथों-हाथ जमा कराई जा सकती हैं। प्रविष्टि के साथ रचनाकार का पूरा पता और एक नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य है।
विभाग द्वारा जारी शर्तों के अनुसार, रचनाओं में देश, राज्य, जाति, धर्म अथवा किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध कोई भी विद्वेषपूर्ण, विवादस्पद या आपत्तिजनक सामग्री शामिल नहीं होनी चाहिए। विषय और सामग्री की गुणवत्ता के आधार पर केवल चयनित रचनाओं को ही पत्रिका में स्थान दिया जाएगा। रचनाओं के चयन का सर्वाधिकार जिला उर्दू कोषांग के पास सुरक्षित रहेगा और इस संबंध में कोषांग का निर्णय ही अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
प्रकाशन के लिए चयनित रचनाओं के एवज में कोई पारिश्रमिक या राशि देय नहीं होगी। हालांकि, चयनित रचनाकारों को सम्मान स्वरूप 'जिला उर्दू नामा' पत्रिका की प्रति भेंट की जाएगी तथा उन्हें आगामी 'जिला उर्दू सेमिनार सह मुशायरा' कार्यक्रम में बतौर अतिथि आमंत्रित किया जाएगा। विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति पत्राचार पता 'जिला उर्दू भाषा कोषांग, समाहरणालय, लखीसराय' अथवा मोबाइल नंबर 8226867500 पर संपर्क कर सकते हैं।