ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार संदिग्ध गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 02 2026
ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार संदिग्ध गिरफ्तार

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (ISI) से जुड़े एक कथित आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी दिल्ली और पंजाब में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान की गई।

स्पेशल सेल ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल समेत दो विदेशी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एसीपी विवेक कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर सतीश राणा और इंस्पेक्टर अशोक की टीम को खुफिया और तकनीकी सूचना मिली थी कि पाकिस्तान में बैठा आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी अपने नेटवर्क के जरिए दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सबसे पहले पंजाब के अमृतसर स्थित मजीठा रोड क्षेत्र से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह शाहजाद भट्टी के संपर्क में था और ड्रोन के माध्यम से भेजे गए हथियारों तथा मादक पदार्थों की खेप प्राप्त करता था। शुभदीप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके दो सहयोगियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी पंजाब से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए। जांच के क्रम में चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गगनप्रीत को दिल्ली के पुलिस थानों, पुलिस पिकेटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की रेकी कर उनकी वीडियो पाकिस्तान भेजने का जिम्मा सौंपा गया था। इसके अलावा उसे राजधानी में किसी सार्वजनिक स्थान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने का भी कथित निर्देश मिला था।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इस मॉड्यूल से और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा देश के अन्य राज्यों में भी इसका नेटवर्क सक्रिय था या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।