व्हाट्सऐप के यूज़रनेम फीचर पर सरकार की रोक, मेटा से तीन दिन में मांगा जवाब
- Post By Admin on Jul 02 2026
नई दिल्ली : भारत सरकार ने व्हाट्सऐप के प्रस्तावित ‘यूज़रनेम’ फीचर को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सरकार ने व्हाट्सऐप की मूल कंपनी मेटा को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर इस नए फीचर पर विस्तृत स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही निर्देश दिया है कि जब तक इस मामले में परामर्श प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक भारत में इस फीचर को लागू नहीं किया जाए।
सरकार का यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब व्हाट्सऐप ने हाल ही में चरणबद्ध तरीके से ‘यूज़रनेम’ फीचर शुरू करने की घोषणा की थी। इस फीचर के तहत उपयोगकर्ता अपने व्हाट्सऐप खाते के लिए एक विशिष्ट यूज़रनेम चुन सकेंगे, जिससे नए लोगों से संपर्क करते समय उन्हें अपना मोबाइल नंबर साझा करने की आवश्यकता नहीं होगी।प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, कोई भी व्यक्ति यूज़रनेम के माध्यम से मैसेज या कॉल कर सकेगा, जबकि उपयोगकर्ता का मोबाइल नंबर निजी रहेगा। कंपनी का कहना है कि इस फीचर का उद्देश्य उपयोगकर्ताओं की गोपनीयता को और मजबूत बनाना है।
हालांकि, भारत सरकार ने इस फीचर के विभिन्न पहलुओं को देखते हुए मेटा से इसकी कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और संभावित प्रभावों पर विस्तृत जानकारी मांगी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि आधिकारिक परामर्श प्रक्रिया पूरी होने से पहले भारत में इस फीचर की शुरुआत नहीं की जाएगी। सरकार के निर्देशों के बाद फिलहाल भारतीय व्हाट्सऐप उपयोगकर्ताओं को यूज़रनेम फीचर के लिए कुछ समय और इंतजार करना पड़ सकता है। अब सभी की नजर मेटा की ओर से दिए जाने वाले जवाब और सरकार के अगले निर्णय पर टिकी है।