मुजफ्फरपुर में समीर हत्याकांड के मुख्य आरोपी गोविंद की गोली मारकर हत्या
- Post By Admin on May 31 2026
मुजफ्फरपुर : शहर में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। रविवार की देर शाम अमर सिनेमा रोड इलाके में गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आई, जहां समीर हत्याकांड के मुख्य आरोपी गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने गोविंद शर्मा को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भी मौके पर पहुंचे और स्वयं पूरे मामले की कमान संभाल ली। पुलिस टीम घटनास्थल की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 9MM की गोली मारी गई है। गोविंद शर्मा अपने फॉर्च्यूनर गाड़ी से नवनिर्मित आइकॉन टॉवर अपार्टमेंट में गया था जहां उसकी हत्या पार्किंग एरिया में कर दी गई।
मिल रही जानकारी के मुताबिक अपराधी की संख्या लगभग आधे दर्जन बताई गई है। लगभग 6-7 राउंड गोली चलाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।