रंगदारी नहीं देने पर बाप-बेटे को मारी गोली, लखीसराय पुलिस ने दो अपराधी दबोचे
- Post By Admin on Apr 27 2026
लखीसराय : जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर दुकानदार और उसके बेटे पर फायरिंग करने वाले कुख्यात ‘टिटू धमाका गिरोह’ के दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को पहाड़पुर गांव निवासी दुकानदार नवीन सिंह से गिरोह के सरगना टिटू धमाका और उसके साथियों ने पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। पैसे देने से इनकार करने पर अपराधियों ने दुकान पर हमला कर फायरिंग कर दी, जिसमें नवीन सिंह और उनका बेटा घायल हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की गई। 25 अप्रैल को पुलिस ने गिरोह से जुड़े सुधीर कुमार साव के ठिकाने पर छापेमारी कर एक देशी पिस्टल, एक हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए।
इसके बाद 26 अप्रैल की शाम तकनीकी जांच के आधार पर कृष्णा चौक, बड़हिया से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जैतपुर निवासी अनमोल कुमार उर्फ खतरी और छोटू कुमार उर्फ मिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, छोटू कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ बड़हिया एवं हाथीदह थानों में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।