लखीसराय : आगामी जनगणना 2027 को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने सोमवार को जनगणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और नागरिकों की भागीदारी को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जनगणना का पहला चरण “स्वगणना” शुरू हो चुका है, जो 1 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 2 मई 2026 से गणनाकर्मी घर-घर जाकर डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे।

डीएम ने बताया कि नागरिक आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल एप के जरिए स्वगणना पोर्टल पर जाकर 33 प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जैसे आवश्यक विवरण भरने होंगे। इस प्रक्रिया को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जो विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतियों के निर्धारण में अहम भूमिका निभाता है।

जिला पदाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वगणना में सक्रिय रूप से भाग लें। साथ ही, जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में कठिनाई हो, वे डोर-टू-डोर अभियान के दौरान गणनाकर्मियों को सही और पूरी जानकारी दें।