ट्रेनों में यात्रियों को नशाखुरानी का शिकार बनाने वाला शातिर सक्रिय, आरपीएफ किऊल ने जारी किया अलर्ट

  • Post By Admin on Oct 06 2026
ट्रेनों में यात्रियों को नशाखुरानी का शिकार बनाने वाला शातिर सक्रिय, आरपीएफ किऊल ने जारी किया अलर्ट

लखीसराय : बिहार से होकर गुजरने वाली ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले नशाखुरानी गिरोह के सक्रिय होने के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हाई अलर्ट जारी किया है। किऊल आरपीएफ निरीक्षक प्रशांत कुमार ने रेल यात्रियों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर आम जनता से सहयोग की अपील की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेनों में घूम-घूम कर यात्रियों को अपने झांसे में लेने और उन्हें जहरीला अथवा नशीला पदार्थ खिलाकर उनके कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले एक संदिग्ध शातिर की तलाश की जा रही है। आरपीएफ किऊल निरीक्षक प्रशांत कुमार ने संबंधित संदिग्ध की जानकारी और तस्वीर साझा करते हुए लोगों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस संदिग्ध को पहचानता हो या इसके बारे में कोई सूचना मिले, तो तुरंत निकटतम आरपीएफ पोस्ट या जीआरपी थाने को सूचित करें ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

आरपीएफ ने रेल यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान सहयात्री पर अत्यधिक भरोसा न करें और उनके द्वारा दी गई किसी भी प्रकार की खाने-पीने की वस्तु (जैसे बिस्कुट, चाय, पानी या कोल्ड ड्रिंक) को कतई स्वीकार न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति के दिखने पर तुरंत सुरक्षा हेल्पलाइन पर संपर्क करें।