25 शादियां, फर्जी पहचान और करोड़ों की ठगी, खुल रही अनुज त्रिवेदी की 'सीरियल मैरिज' की परतें
- Post By Admin on Aug 11 2026
सीतापुर : फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाने, उनसे विवाह करने और करोड़ों रुपए व कीमती गहनों की ठगी करने के आरोपों से घिरे अनुज त्रिवेदी के खिलाफ नए खुलासे सामने आए हैं। कथित तौर पर 25 महिलाओं से शादी कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ अब चार पीड़ित महिलाएं सीतापुर पहुंचीं और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर के मिश्रिख निवासी अनुज त्रिवेदी वर्तमान में मुंबई की यरवदा जेल में बंद है। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग नामों और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर महिलाओं का विश्वास जीता, उनसे विवाह किया और फिर आर्थिक लाभ उठाते हुए ठगी को अंजाम दिया।
एडीएम कार्यालय पहुंची सविता भंडारकर, संगीता ठाकरे, अर्चना गुप्ता और प्रतिभा ने शिकायत में आरोप लगाया कि अनुज ने अजय अग्रवाल, संतोष सिंह और अजय गुप्ता समेत कई फर्जी नामों का उपयोग कर महिलाओं से संबंध बनाए और करोड़ों रुपए की ठगी की। महिलाओं का दावा है कि आरोपी ने उनसे नकदी और सोने के गहने हासिल किए। शिकायत में लगभग 600 करोड़ रुपए और एक किलोग्राम सोने के गहनों की ठगी का आरोप लगाया गया है। पीड़ित महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि अनुज स्वयं को मुंबई का बड़ा रियल एस्टेट कारोबारी बताकर लोगों को प्रभावित करता था। मामले में उसके पुत्र प्रखर त्रिवेदी का नाम भी शिकायत में शामिल किया गया है।
उधर, आरोपी के समधी एवं भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने भी रेउसा थाना में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। विधायक की शिकायत और पीड़ित महिलाओं के आरोपों के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राप्त शिकायतों और दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। विभिन्न राज्यों से सामने आ रहे आरोपों और कथित पीड़ित महिलाओं के दावों को देखते हुए सीतापुर पुलिस पूरे प्रकरण की विस्तृत विवेचना में जुट गई है।